‘मैं सिर उठाकर नहीं चल सकता’, कोलकाता मर्डर केस पर मिथुन चक्रवर्ती का रिएक्शन, शत्रुघन सिन्हा ने डॉक्टर्स से किया अनुरोध
Kolkata Murder Case Celebs Reaction: कोलकाता में ट्रेनी डॉक्टर के साथ दुष्कर्म और हत्या के मामले पर लगातार लोगों का गुस्सा फूट रहा है। ऐसे में अब मिथुन चक्रवर्ती और शत्रुघन सिन्हा ने मामले पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। मिथुन शर्म से सिर नहीं उठा पा रहे हैं।
कोलकाता में डॉक्टर के साथ दुष्कर्म और बाद में मर्डर कर दिया गया। इस घटना ने देशभर के लोगों को हिलाकर रख दिया है। लोगों में काफी गुस्सा है। देशभर के डॉक्टर्स इसका विरोध कर रहे हैं और हड़ताल पर हैं। ट्रेनी डॉक्टर के लिए इंसाफ की मांग कर रहे हैं। ऐसे में सेलेब्स भी लगातार इस पर अपनी प्रतिक्रिया दर्ज करा रहे हैं। इसी कड़ी में अब मिथुन चक्रवर्ती और शत्रुघन सिन्हा ने मामले पर अपना रिएक्शन दिया है। मिथुन ने कहा कि एक बंगाली होने के नाते वो अपना सिर नहीं उठा पा रहे हैं। उन्हें शर्मिंदगी महसूस हो रही है। उन्होंने इस घटना पर तुरंत फैसला सुनाने की मांग की है। वहीं, शत्रुघन सिन्हा ने भी अपना रिएक्शन दिया है।
कोलकाता मर्डर केस ने सभी को झकझोर दिया है। इसकी तुलना दिल्ली के निर्भया केस से की जा रही है। ऐसे में अब इस घटना को मिथुन चक्रवर्ती ने बेहद ही शर्मनाक हरकत बताया है। उन्होंने इसके खिलाफ आवाज उठाई है और कहा कि उन्हें अब तो खुद को बंगाली कहने पर भी शर्म आती है। उन्होंने इस शर्मनाक घटना पर तुरंत फैसला सुनाने की मांग की है। आपको बता दें कि मिथुन चक्रवर्ती का एक वीडियो बीजेपी वेस्ट बंगाल की ओर से एक्स पर शेयर किया गया है। इसमें वो कहते हैं कि वो पहले भी कई बार कह चुके हैं कि वेस्ट बंगाल में आने वाले दिनों में स्थिति और भी डरावनी होने वाली है। मिथुन ये भी कहते हैं कि वो एक बंगाली होने के नाते सिर उठाकर नहीं चल सकते। वो पीड़िता के परिवार वालों के साथ खड़े हैं और अपराधियों के लिए जल्द से जल्द सजा की मांग की है।
इसके साथ ही कोलकाता हत्याकांड को लेकर शत्रुघन सिन्हा ने भी एक्स पर पोस्ट शेयर की है। उन्होंने इस घटना पर चिंता जाहिर की है और डॉक्टर्स से अनुरोध किया है कि उनका सड़कों पर उतरना अच्छी बात नहीं है। उनका कहना है कि इसकी वजह से गरीबों और जरूरतमंदों को नुकसान पहुंच सकता है, जिनको उनकी देखभाल की जरूरत है। शत्रुघन सिन्हा ने अपनी पोस्ट में ये भी लिखा कि सरकार और समाज को डॉक्टर्स की मांगों का ध्यान रखना चाहिए। अंत में एक्टर ने डॉक्टर्स से सड़क पर प्रदर्शन से वापस लौटने के लिए भी अनुरोध किया।