शरद पवार को Z प्लस सिक्योरिटी, महाराष्ट्र चुनाव से पहले केंद्र सरकार का बड़ा फैसला
Maharashtra News: केंद्रीय गृह मंत्रालय ने केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) से महाराष्ट्र के 83 वर्षीय पूर्व मुख्यमंत्री को सुरक्षा मुहैया कराने को कहा है।
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) के प्रमुख शरद पवार को केंद्र सरकार ने जेड प्लस सुरक्षा दी है। यह जानकारी आधिकारिक सूत्रों के हवाले से सामने आई है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) से महाराष्ट्र के 83 वर्षीय पूर्व मुख्यमंत्री को सुरक्षा मुहैया कराने को कहा है। इसके लिए सीआरपीएफ के 55 सशस्त्र जवानों की एक टीम को नियुक्त किया गया है। केंद्रीय एजेंसियों द्वारा की गई समीक्षा में पवार को मजबूत सुरक्षा कवर देने की सिफारिश की गई थी, जिसके बाद यह फैसला लिया गया है।
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP-एसपी) के प्रमुख शरद पवार को Z प्लस सुरक्षा दिया जाना एक बड़ा फैसला माना जा रहा है। यह महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव से ठीक पहले हुआ है, इसलिए भी काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। यह फैसला केंद्रीय एजेंसियों द्वारा खतरे के आकलन की समीक्षा के बाद लिया गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सिक्योरिटी की येलो बुक के हिसाब से शरद पवार को जेड प्लस कैटेगरी की सुरक्षा दी गई है।
भारत में नेताओं, अधिकारियों या किसी शख्स की सुरक्षा खतरों को देखते हुए उन्हें सरकार और पुलिस द्वारा सुरक्षा मुहैया कराई जाती है। इसके लिए जेड प्लस, जेड, वाई या एक्स कैटगरी और विशेष सुरक्षा समूह (एसपीजी) हैं।
जेड प्लस सुरक्षा एसपीजी कवर के बाद सबसे उच्च स्तर की सुरक्षा है। इस सुरक्षा कवर में सीआरपीएफ कमांडो के साथ 55 जवान शामिल होते हैं, जो 24×7 सुरक्षा प्राप्त शख्स की सुरक्षा में तैनात होते हैं। खुफिया इनपुट के आधार पर जरूरत पड़ने पर राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) कमांडो के तौर पर अतिरिक्त सुरक्षा भी दी जाती है। सुरक्षा कवर में बुलेटप्रूफ गाड़ियां और तीन शिफ्ट में एस्कॉर्ट भी शामिल है। जेड प्लस सुरक्षा बल के कमांडो को विशेषज्ञ मार्शल आर्ट की ट्रेनिंग मिली होती है। यह सुरक्षा कवर गृह मंत्री अमित शाह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय वित्त मंत्री और अन्य को प्रदान किया गया है।