Shikhar Dhawan Retirement: शिखर धवन कैसे बने मिस्टर ICC? आंकड़ों से जाने पूरी कहानी
शिखर धवन का आईसीसी टूर्नामेंट में शानदार रिकॉर्ड हैं। इसी कारण उन्हें मिस्टर आईसीसी कहा जाता है।
भारत के ओपनर शिखर धवन ने अपने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया है। धवन ने वीडियो शेयर करके फैंस को यह फैसला बताया। धवन को क्रिकेट की दुनिया में मिस्टर आईसीसी कहा जाता है। आईसीसी टूर्नामेंट में उनका बल्ला जमकर बरसता था। उनके नाम पर दर्ज रिकॉर्ड इस बात का सबूत हैं।
आईसीसी के वनडे टूर्नामेंट में शिखर धवन सबसे ज्यादा औसत से रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं। कम से कम 1000 रन बनाने वाले खिलाड़ियों में धवन ने 65.15 के औसत से रन बनाए हैं। वह विराट कोहली से भी आगे हैं जिन्होंने 64.55 के औसत से रन बनाए।
शिखर धवन साल 2004 में अंडर 19 वर्ल्ड कप में भी सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी थे और उन्हें प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट अवॉर्ड मिला था। शिखर धवन ने साल 2010 में टीम इंडिया में डेब्यू किया था। वह वनडे वर्ल्ड कप का हिस्सा नहीं थे। उन्होंने इसके बाद साल 2013 में चैंपियंस ट्रॉफी में हिस्सा लिया। धवन चैंपियंस ट्रॉफी में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी थे। उन्हें इस टूर्नामेंट में गोल्डन बैट भी मिला। धवन ने पांच पारियों में 363 रन बनाए थे। रोहित शर्मा के साथ उनकी ओपनिंग जोड़ी हिट रही थी।
साल 2015 में हुए वर्ल्ड कप में भी धवन का बल्ला जमकर बोला। वह भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी थे। धवन ने 8 मैचों में 51.50 के औसत से 412 रन बनाए थे। वह सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में पांचवें स्थान पर थे।
साल 2017 में हुई चैंपियंस ट्रॉफी में एक बार फिर शिखर धवन को मौका मिला और उन्होंने अपना विस्फोटक अंदाज दिखाया। धवन ने पांच मैचों में 67.60 के औसत से 338 रन बनाए। वह भारत ही नहीं टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी थे। उन्हें इस बार भी गोल्डन बैट मिला था।
एशियाई क्रिकेट में भी धवन का बोलबाला रहा। वह साल 2014 और 2018 के एशिया कप में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय खिलाड़ी थे। धवन आईसीसी इवेंट्स में सबसे तेज 1000 रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं।